भरतपुर , सितम्बर 16 -- राजस्थान में भरतपुर जिले की नवगठित उच्चैन नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का परचम फहराना तय हो गया है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर नामांकन के अंतिम दिन केवल एक ही आवेदन प्राप्त हुआ, जिससे चुनावी मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया। भाजपा प्रत्याशी दलीप सिंह अंबेश ने स्थानीय निर्वाचन अधिकारी सुरेश हरसोलिया के समक्ष अपने समर्थकों और प्रस्तावकों की मौजूदगी में आधिकारिक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा दावेदारी पेश न किए जाने के कारण उनका निर्विरोध अध्यक्ष बनना सुनिश्चित हो गया है।

नवनिर्वाचित बीजेपी पार्षद दलीप सिंह अंबेश ने हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में वार्ड संख्या छह से कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश को 357 मतों के अंतर से हराया था। ओमप्रकाश को सिर्फ 10 मत हासिल हुए थे। 25 वार्डों वाली इस नई नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी ने 11 सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं कांग्रेस मात्र एक सीट पर सिमट गई थी और 13 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित