भरतपुर , जून 15 -- राजस्थान में भरतपुर एवं डीग जिले में दिनभर की तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप सोमवार शाम को काले काले बादलों के साथ तेज धूल भरी आंधी के बाद हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया।
बारिश से पहले चली तेज धूल भरी आंधी के कारण कुछ समय के लिए दोनों ही जिलों में अंधेरा छा गया, जिससे सड़कों पर आवाजाही थम गयी। सड़क पर चल रहे वाहन को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होने के बाद वातावरण में फैली धूल बैठ गयी और मौसम पूरी तरह से बदल गया।
मौसम में आये इस बदलाव के बाद तापमान में गिरावट भी दर्ज की गयी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का सकारात्मक असर देखने को मिला। किसानों ने इस वर्षा को खेती के लिए लाभदायक बताया। उनका कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खेतों में नमी बढ़ाने के साथ-साथ आगामी खरीफ फसलों जैसे बाजरा, मूंग और उड़द की बुवाई के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। किसानों में बारिश को लेकर उत्साह देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित