कैमूर , जनवरी 23 -- बिहार में भभुआ जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में 9 दिसंबर को मोहनिया सिटी जिम के पास हुये हलीम गद्दी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिमाचल प्रदेश के सोलन से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में मोहनिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जबकि वारदात के बाद से मुख्य अपराधकर्मी फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुये भभुआ के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोहनिया के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल की ओर से तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार सूचना संकलन किया गया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुये मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त को सोलन (हिमाचल प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्की पासवान, पिता राममुरत पासवान, निवासी पासवान टोली, वार्ड संख्या-12, मोहनिया थाना मोहनिया, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस अब अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य तथ्यों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित