पटना , अक्टूबर 05 -- टना नगर निगम की ओर से शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती का कार्य मिशन मोड में लगातार जारी है। निगम की टीमें सभी अंचलों में गलियों, चौक-चौराहों एवं प्रमुख सड़कों पर फील्ड में सक्रिय रहकर खराब स्ट्रीट लाइट, वायर, स्विच एवं अन्य तकनीकी गड़बड़ियों का त्वरित निष्पादन कर रही हैं। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 500 से 550 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती की जा रही है।
निगम की टीमों द्वारा अभियान चलाकर अभी तक कुल 12,500 से अधिक स्ट्रीट लाइटों को पुनः चालू किया गया। इनमें 2,300 से अधिक मामलों में नई स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं, जबकि 10 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटों में वायर, स्विच एवं अन्य तकनीकी गड़बड़ियों को दूर कर उन्हें पुनः संचालित किया गया।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा द्वारा स्ट्रीट लाइट मरम्मती कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जो स्ट्रीट लाइटें बार-बार मरम्मती के बावजूद खराब हो रही हैं, उन्हें रिपेयर करने के बजाय नई लाइट से तत्काल रिप्लेस किया जाए, जिससे एक ही स्थान पर बार-बार लाइट खराब होने की समस्या न आए और नागरिकों को लगातार बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो।
अभियान के तहत पटना के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थलों की प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
निगम की टीम द्वारा भद्र घाट एवं महावीर घाट के पहुंच पथ पर स्थित स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर दिया गया है। इससे इन महत्वपूर्ण घाटों की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित