चिक्कमगलुरु , अप्रैल 13 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने केन्द्र सरकार पर 5,300 करोड़ रुपये की भद्रा अपर तुंगा सिंचाई परियोजना के लिए घोषित राशि जारी न करने का आरोप लगाते हुए 'विश्वासघात' का आरोप लगाया है।
श्री सिद्दारमैया ने कहा कि केन्द्रीय बजट 2023-24 में घोषित राशि अब तक जारी नहीं की गयी, जिससे राज्य के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इसे कर्नाटक के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि परियोजना सिंचाई और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की गारंटी योजनाओं का बचाव करते हुए कहा कि ये भी विकास का हिस्सा हैं और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये इन योजनाओं पर खर्च कर चुकी है, साथ ही बुनियादी ढांचे के कार्य भी जारी हैं।
उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत है और कर्नाटक की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
श्री सिद्दारमैया ने केन्द्र पर पन्द्रहवें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत धन जारी न करने का भी आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन बनाये रखते हुए विकास और कल्याण दोनों को संतुलित कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित