भदोही , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जिले में वर्तमान 1404 मतदेय स्थलों की संख्या घटाकर 1379 करने का प्रस्ताव है। साथ ही, 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का सम्भाजन कर मतदाताओं को अन्य उपयुक्त मतदेय स्थलों पर समायोजित किया जाएगा।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जिन मतदेय स्थलों का संचालन जर्जर या ध्वस्त भवनों में हो रहा है, उन्हें दूसरे उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। पुनर्गठन की प्रक्रिया में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि मतदाताओं को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़े और उन्हें सुविधाजनक स्थान पर मतदान की व्यवस्था उपलब्ध हो सके।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अधिकारियों के अनुसार, पुनर्गठन के प्रस्ताव पर प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित