भदोही , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं तीन किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है।
परिजनों ने तीन युवकों पर किशोरियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, तीनों किशोरियां सुबह करीब नौ बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। वे कोईरौना थाना क्षेत्र के बैरीबीसा स्थित माता सेवक इंटरमीडिएट कॉलेज में पढ़ती हैं। परिजनों के मुताबिक, काफी देर तक किशोरियों के घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। परिजन विद्यालय पहुंचे तो वहां तीनों की साइकिलें मिलीं, लेकिन किशोरियों का कोई पता नहीं चला।
तहरीर में श्रीनिवास और सचिन यादव निवासीगण सोनैचा, तथा रिंकू गौतम निवासी टिकरी, गोपीगंज पर किशोरियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। परिजनों ने गोपीगंज कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित