भदोही , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में विभिन्न सवर्ण संगठनों ने सोमवार को यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में संशोधन और सवर्ण आयोग के गठन समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों और सवर्ण समाज के लोगों ने नेशनल इंटर कॉलेज तिराहे से भदोही तहसील तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार सवर्ण समाज के साथ भेदभाव कर रही है, और उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने यूजीसी से जुड़े कानून को लेकर भी नाराजगी जतायी तथा सरकार से इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी चुनाव में इसका राजनीतिक असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने आरक्षण को लेकर कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के बयानों पर भी आपत्ति जतायी।

इस बीच राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अम्बरीष तिवारी को प्रदर्शन से पूर्व रविवार रात हाउस अरेस्ट किये जाने का आरोप लगाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि पुलिस ने कई युवकों को भी प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और सवर्ण समाज के लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के भदोही आगमन के दौरान आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के आयोजकों की ओर से उन्हें प्रदर्शन से दूर रखने का प्रयास किया गया। संगठनों ने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित