भदोही , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर अंतर्जनपदीय शिक्षा माफिया और उसके सहयोगियों की लगभग तीन करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली गयी है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि संगठित अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 69000 शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी के मामले में आरोपी गैंग लीडर माया पति दुबे तथा उनके सहयोगियों करुणा पति दुबे और रुद्र प्रसाद दुबे उर्फ श्रवण दुबे, निवासी बारीपुर थाना कोइरौना की संपत्तियों को कुर्क किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने गैंग के प्रभाव का उपयोग कर आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से संपत्तियां बनाई थीं। इसी धन से स्थापित "त्रिरूपति ईंट भट्ठा" को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किया गया। ईंट भट्ठे की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन भी कुर्क की गई, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित