भदोही , अक्टूबर 1 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, बंसीधर बिन्द ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 22 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे गांव का ही किशन बिन्द उनकी पुत्री को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आरोप लगाया गया है कि युवती घर में रखा सोने का लॉकेट, पायल और 10 हजार रुपये नकद अपने साथ ले गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशन बिन्द के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेश यादव को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित