भदोही , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार को खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गए एक वृद्ध की विद्युत स्पर्शाघात की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरियावां थाना क्षेत्र के पट्टी बेंजांव गांव निवासी सूर्यमणि पाल (70) सोमवार को पशुओं के लिए घास काटने खेत गए थे। इसी दौरान खेत में विद्युत खंभे को सहारा देने के लिए लगाए गए स्टे तार में विद्युत प्रवाह होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और तार से चिपक गए।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बांस-बल्ली की मदद से वृद्ध को विद्युत तार से अलग करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित