भदोही , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में रविवार की सुबह विद्युत स्टे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के सेमराध महमदपुर गांव में फेंसिंग का तार लगाते समय विद्युत खंबे के स्टे में उतर रहे करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जाता है कि गांव निवासी लालता प्रसाद यादव (62) पुत्र स्वर्गीय श्रीनाथ यादव रविवार की सुबह करीब 7:30 बजे अपने खेत में झटका (फेंसिंग) का तार लगा रहे थे।

इसी दौरान तार विद्युत खंभे के स्टे के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए तत्काल गोपीगंज स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी सुषमा देवी तथा तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि लालता प्रसाद यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। घटना के बाद के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित