भदोही , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में मारपीट में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान रविवार शाम मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि थाना क्षेत्र के आनापुर गांव में गुरुवार को हुई मारपीट में घायल धर्मराज (52) की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि आनापुर निवासी धर्मराज गुरुवार को एक पान की दुकान पर गुटखा लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान थानीपुर (जखाव) निवासी भोला से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान भोला ने धर्मराज की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान रविवार शाम उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी निर्मला देवी ने घटना के दिन ही थाने में नामजद तहरीर दे दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित