भदोही , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में सड़क पर कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दो लोगों के साथ मारपीट और एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि घमहा ख्योंखर गांव निवासी पवन कुमार बिंद रविवार देर शाम कुछ लोगों के साथ बाजार से लौट रहे थे। आरोप है कि गांव स्थित एक बगीचे के पास सोनू पुत्र राजेंद्र बिंद अपने साथियों के साथ सड़क पर अर्टिगा कार खड़ी कर बैठा था। रास्ते से वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि सोनू और उसके साथियों ने पवन कुमार तथा उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान पवन कुमार पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनके चेहरे समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सुरियावां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित