भदोही , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के भदोही नगर के स्टेशन रोड स्थित भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) व्यवसायिक परिसर में मधुमक्खियों के हमले में घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जलालपुर निवासी सद्दाम अंसारी उर्फ टीपू (35) पुत्र आजाद अंसारी की बीडा परिसर में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान थी। शुक्रवार देर रात वह दुकान पर कार्य कर रहा था। दुकान के ऊपर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था, जिसे हटाने का प्रयास करते समय मधुमक्खियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया।

हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि सद्दाम प्रतिदिन सुबह लगभग नौ बजे दुकान खोलता और रात करीब नौ बजे बंद कर घर लौटता था। काम के दबाव के चलते शनिवार को दुकान देर रात तक खुली रही, जिससे यह दुखद घटना घटित हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित