भदोही , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज पुलिस ने बैंक से धोखाधड़ी के आरोप में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित एक महिला अभियुक्ता को शनिवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान गुड़िया (45) पत्नी मुख्तार निवासी काली देवी, बड़े शिव मंदिर, थाना गोपीगंज, जनपद भदोही के रूप में हुई है। उसे उसके निवास स्थान के पास से महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गिरफ्तार कर सुरक्षात्मक अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने बताया कि थाना गोपीगंज में दर्ज मामले में गैंग लीडर राजू सेठ और उसके 21 सक्रिय सदस्यों पर गिरोह बनाकर लाभ कमाने के उद्देश्य से बैंकों को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य नकली आभूषणों को असली आभूषण के रूप में प्रमाणित कराकर बैंक के साथ कूट-रचना और धोखाधड़ी करते थे।

इस संबंध में थाना गोपीगंज में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में गैंग लीडर सहित गिरोह के नौ सक्रिय सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला इस मामले में काफी समय से वांछित चल रही थी। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित