भदोही , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र में तलवार के पास मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इटहरा निवासी राधेश्याम माली शनिवार दोपहर कटरा बाजार से साइकिल से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में तलवा के पास एक मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए प्रयागराज ले गए, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोइरौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

राधेश्याम माली फूल-माला का व्यवसाय करते थे। उनके सात बेटे हैं, जिनमें से पांच रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। उनकी पत्नी भी इलाज के लिए मुंबई गई हुई हैं। घर पर उनके दो बेटे रहते हैं। वृद्ध की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित