भदोही , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में दुर्गागंज थाना क्षेत्र के छनौरा त्रिमुहानी बाजार के पास बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान शनिवार की देर शाम मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि छनौरा त्रिमुहानी बाजार निवासी मनकेशरी देवी ने तहरीर में कहा कि उनका बेटा गया प्रसाद 16 अक्टूबर की शाम बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल गया प्रसाद को एम्बुलेंस की मदद से सुरियावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय रेफर कर दिया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां बीती रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 281, 125(ए), 125(बी) और 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित