भदोही , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को रोडवेज बस की टक्कर से मोपेड सवार एक वृद्ध की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वहीदानगर मोड़ के निकट प्रयागराज से वाराणसी जा रही एक रोडवेज बस ने मोपेड सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों की मदद से घायल को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपीगंज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कोइरौना थाना क्षेत्र के सगरा दसाराम पट्टी निवासी कपूर चंद गुप्ता (60) पुत्र चुन्नीलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह घर से बिजली का बिल जमा करने के लिए पावर हाउस जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आ गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित