भदोही , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के नेवादाकला गांव में प्रेम विवाह से जुड़े पुराने विवाद को लेकर मंगलवार तड़के दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया है। एक घायल युवक के हाथ में गोली लगने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल 112 पर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रविंद्र सिंह के परिवार और उनके रिश्तेदारों ने रणधीर सिंह के परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान रणधीर सिंह उर्फ रंधा, उनकी पत्नी बबिता और लड़की पक्ष के संदीप सिंह (24) के रूप में हुई है। संदीप के हाथ में गोली लगने की बात सामने आई है, लेकिन एएसपी ने इसकी पुष्टि नहीं की।
पुलिस के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले रणधीर सिंह के पुत्र वैभव सिंह उर्फ बिट्टू और रिंकल सिंह ने परिजनों की सहमति के बिना प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। रिंकल अपने ननिहाल नेवादाकला में रहती थी। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच 11 अक्टूबर को भी धारदार हथियारों से मारपीट हुई थी। उस घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा, विवाहिता रिंकल ने कुछ महीने पहले अपने मायके पक्ष के लोगों पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई है।
रणधीर सिंह के पक्ष का आरोप है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से खतरा महसूस हो रहा था और उन्होंने स्थानीय पुलिसकर्मी को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी दी थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार की घटना के संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 15-16 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित