भदोही , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में औराई थाना पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान तीन अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने मंगलवार को बताया कि औराई थाना पुलिस बीती मध्यरात्रि को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोठरा बाईपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार सवार तीन युवकों को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया।

पुलिस के अनुसार कार सवार युवकों ने वाहन की रफ्तार बढ़ाते हुए भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में पंकज निवासी नटवलिया थाना कसिया जनपद कुशीनगर, सर्वेश सिंह निवासी बाबूछपरा मोरबन थाना रामकोला जनपद कुशीनगर तथा सकलेन निवासी अहरौली राय थाना कसिया जनपद कुशीनगर के बाएं पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उनके कब्जे से अवैध असलहे, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों पंकज राव, सर्वेश सिंह और सकलेन के खिलाफ विभिन्न जनपदों में क्रमशः 28, 13 और 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित