भदोही , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में पशुपालन विभाग के एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गिरधरपुर गांव निवासी अतुल यादव (35) का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला। वह बुधवार शाम ड्यूटी से घर लौटे थे। देर रात तक घर से कोई गतिविधि न होने पर पड़ोस का एक बच्चा उन्हें बुलाने गया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो अतुल का शव रस्सी के सहारे छत के पंखे से लटका हुआ था।

बताया जाता है कि अतुल यादव पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में सुरियावां क्षेत्र में तैनात थे। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित