भदोही , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने अधेड़ को रस्सी से बांधकर उसके मुंह में प्लास्टिक की पन्नी ठूंस दी और मृत समझकर मौके से फरार हो गए। समय रहते पड़ोसी युवक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी जान बचा ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर उपरवार गांव निवासी प्रभाशंकर दुबे (45) ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गुरुवार रात अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव के दो युवक तथा उनके ससुराल पक्ष के दो लोग वहां पहुंचे और उन्हें जबरन उठाकर पास स्थित गौशाला में ले गए।

आरोप है कि चारों लोगों ने प्रभाशंकर के साथ मारपीट की तथा उनके गले में रस्सी कसकर बांध दी। इसके बाद हाथ-पैर भी बांध दिए गए और मुंह में प्लास्टिक की पन्नी ठूंस दी गई। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।

शुक्रवार तड़के टहलने निकले पड़ोसी युवक आकाश दुबे को कराहने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उसने प्रभाशंकर को बंधी अवस्था में देखा और तत्काल यूपी-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधेड़ के गले, हाथ और पैरों की रस्सियां खोलीं तथा मुंह से पन्नी निकालकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

चिकित्सकीय उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पीड़ित ने अपनी पत्नी, पुत्री, ससुर समेत चार लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित