भदोही , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर भदोही में दीपावली के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरियावां पुलिस ने शनिवार को सुरियावां कस्बे के इंद्रानगर मोहल्ले में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शांति व्यवस्था और चेकिंग अभियान के दौरान मिली सूचना के आधार पर वार्ड नंबर छह स्थित एक बंद मकान में छापा मारा गया। तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखे गए पटाखों का जखीरा मिला। मौके से मुमताज अली (44), पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हारून, निवासी वार्ड नंबर छह इंद्रानगर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मकान से तीन सफेद प्लास्टिक की झाल, 11 छोटी-बड़ी प्लास्टिक की बोरियां और चार छोटे-बड़े कार्टून में रखे पटाखे बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दीपावली पर पटाखों की बिक्री से अच्छी आमदनी की उम्मीद में उसने अपने वैध लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए सुरक्षित गोदाम के बजाय घनी आबादी वाले इलाके के एक बंद मकान में पटाखे रखे थे। आरोपी मौके पर भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस संबंध में थाना सुरियावां में मुकदमा अपराध संख्या 338/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित