भदोही , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात निर्माणाधीन मकान की छत का लिंटर और शटरिंग गिरने से मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, जीयनपुर गांव में संतलाल पुत्र छोटेलाल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। कल रात छत निर्माण के दौरान शटरिंग/लिंटर अचानक गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग मलबे में दब गये।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में चंद्रेश कुमार उर्फ सभापति (50) पुत्र साहब लाल बिंद, निवासी बीरमपुर, थाना सुरियावां, की मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
हादसे में बल्लू (40) पुत्र शमसुद्दीन, निवासी बैरीपरवा, थाना सुरियावां, को मामूली चोटें आयी हैं। उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गयी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित