भदोही , सितंबर 6 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र के सिखापुर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में करीब 92 लाख रुपये की लागत से होने वाले पर्यटन विकास कार्य के लिए रविवार को भूमि का पूजन किया गया।

उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड की सोनभद्र इकाई की ओर से कराए जाने वाले विकास कार्य का भूमि पूजन ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने किया। विकास कार्य के तहत मंदिर परिसर में यात्री हाल, मुख्य गेट, हाईमास्ट लाइट, बैठने के लिए बेंच, डस्टबिन और वाटर कूलर समेत विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस अवसर पर श्री दुबे ने कहा कि श्रद्धा, संस्कृति और विकास के संगम को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरा होने से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित