भदोही , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गोपीगंज पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले में वर्ष 2022 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गोपीगंज थाने में में वांछित अभियुक्त अभय सिंह , निवासी मूराब टोला, जनपद सम्भल, के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मामला दर्ज है। अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि सर्विलांस टीम से प्राप्त सूचना और लोकेशन के आधार पर गोपीगंज पुलिस ने जंगीगंज क्षेत्र में जीटी रोड स्थित किशनुदेवपुर मोड़ तिराहे के निकट कांवड़िया सेवा शिविर के पास घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित