भदोही , अक्टूबर 17 -- भदोही में एएमयू एल्युमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार शाम होटल शिराज में सर सैयद डे समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व छात्रों और अलीग बिरादरी के लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सर सैयद अहमद खान के शैक्षिक मिशन और उनके विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अलीग शकील अहमद ने की, जबकि संचालन मुशीर इकबाल ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) परवेज अख्तर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ज्ञानपुर की सिविल जज खैरून निसा मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि परवेज अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि सर सैयद अहमद खान ने शिक्षा के माध्यम से समाज को नई रोशनी दी। मौजूदा दौर में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने सर सैयद के शैक्षिक मिशन को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि खैरून निसा ने कहा कि शिक्षा समाज में बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
समारोह के दौरान एएमयू के पूर्व छात्र एवं क्रिकेटर इम्तियाज अहमद और वरिष्ठ अलीग सिराजुद्दीन को मुख्य अतिथि ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं, आठ बच्चों के नीट परीक्षा में सफल होने पर सबीहा जमाल और एखलाक अहमद को विशिष्ट अतिथि खैरून निसा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि परवेज अख्तर को डॉ. अरशद महमूद और मुमताज आलम ने स्मृति चिह्न भेंट किया, जबकि विशिष्ट अतिथि खैरून निसा को शमुना मुशीर और हिना कौसर ने सम्मानित किया। मीरान मुशीर ने दोनों अतिथियों को कालीन और जायनमाज भेंट की।
कार्यक्रम की शुरुआत कारी नजीर की कुरआन पाक की तिलावत से हुई। इसके बाद इंतखाब वजीरी, शाहिद जमाल, सैयद कादिर, अशफाक अंसारी, राशिद कमर, मुमताज आलम, सबीना अंजुम, रेहाना, मोहम्मद शफीक, मोहम्मद याहिया, आफताब आलम (सीए), मोहम्मद यूनुस, शमुना मुशीर और हिना कौसर ने बुके भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह में शाहनवाज खान, सुहैल अतहर (सीए) और अशफाक अंसारी ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान शबीना खातून ने नात-ए-पाक पेश की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित