भदोही , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में धनतुलसी-डेंगूरपुर पीपा पुल पर निर्माण कार्य में लगा एक ट्रैक्टर ट्रॉली सहित अनियंत्रित होकर गंगा नदी में जा गिरा। गनीमत यह रही कि दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षेत्र में चल रहे पक्के पुल के निर्माण कार्य में लगी हुई थी। इसी दौरान इलाके में हुई हल्की बरसात के कारण पीपा पुल पर भारी फिसलन हो गई। इसी दौरान गुरुवार शाम करीब सात बजे कार्य के दौरान ट्रैक्टर चालक ने जैसे ही पुल की ऊंचाई पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, पहिए फिसलने लगे और ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर ट्रॉली सहित सीधे गंगा नदी में समा गया। ट्रैक्टर को नदी में गिरता देख मौके पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, पानी में गिरने के दौरान चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरसात की वजह से पुल पर चढ़ाई करते समय अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया था। अंधेरा और फिसलन होने के कारण हादसा तेजी से हुआ, लेकिन राहत की बात है कि कोई हताहत नहीं हुआ। शाम का वक्त होने और अंधेरा बढ़ जाने के कारण नदी से ट्रैक्टर को निकालने के काम में दिक्कतें आ रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित