भदोही , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले में गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किशुनदेवपुर में मंगलवार रात ट्रक और कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा उसकी बेटी और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मिर्जापुर जिले के चुनार स्थित लाल दरवाजा वार्ड नंबर-1 निवासी बिहारी सोनकर अपनी बेटी मोनिका की विदाई कराने किराये की कार से प्रयागराज गए थे। उनके साथ भतीजा सागर और कार चालक नसीम अहमद (32) भी था। विदाई के बाद सभी कार से चुनार लौट रहे थे।

इसी दौरान किशुनदेवपुर स्थित ओम पब्लिक स्कूल के पास राजमार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चारों लोग घायल हो गए। घायलों को राष्ट्रीय राजमार्ग की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), गोपीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बिहारी सोनकर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोनिका और सागर को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। चालक नसीम अहमद को भी चोटें आई हैं।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित