भदोही , जून 3 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र स्थित बिसही (हरिहरपुर) गांव में मंगलवार देर रात जंगली जानवरों के हमले से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जाता है कि जानवर बच्चे को घर के बाहर से उठाकर पास की झाड़ियों में ले गए, जहां उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार औराई क्षेत्र के उगापुर गांव निवासी पट्टर बनवासी का पुत्र पिंटू (5) पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अपने फूफा फूलचंद बनवासी के घर बिसही गांव में रह रहा था। मंगलवार रात वह अपनी फुआ के साथ घर के बाहर सो रहा था। देर रात लगभग डेढ़ बजे दो जंगली जानवर वहां पहुंचे और बच्चे को मुंह में दबाकर पास की झाड़ियों में ले गए। वहां उन्होंने बच्चे पर हमला कर दिया।

बच्चे की चीख-पुकार सुनकर बनवासी बस्ती के लोगों की नींद खुल गई। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने देखा कि जंगली जानवर बच्चे को नोच रहे थे। ग्रामीणों की भीड़ को आते देख दोनों जानवर मौके से भाग गए। गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बच्चे के माता-पिता भी उगापुर से बिसही गांव पहुंच गए। बताया जाता है कि पिंटू अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। सूचना पर यूपी डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। बाद में परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।

ग्रामीणों में घटना के बाद भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा के आवश्यक उपाय करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित