भदोही , मई 22 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की औराई थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ कर चार अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि थाना औराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर मिर्जापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने औराई चौराहे के पास एक सीएनजी ऑटो से कुल 20.730 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में चार शातिर अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुशवाहा (30) पुत्र लक्ष्मण कुशवाहा एवं कलीम साह (50) पुत्र महबूब निवासी कोसफरा थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज, आमिर (21) पुत्र रियाज निवासी बुदावा थाना घूरपुर, प्रयागराज तथा साहिल (35) पुत्र मोहम्मद नईम निवासी लीडर रोड, प्रयागराज के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त कलीम और आमिर के विरुद्ध विभिन्न जिलों में गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित