भदोही , मई 13 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में बुधवार शाम आए चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज आंधी और तूफान के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मकानों की दीवारें गिर गईं तथा पेड़ उखड़कर लोगों पर गिर पड़े। हादसों में कई लोगों की जान चली गई।
भदोही नगर के जमुंद क्षेत्र में मकान की दीवार गिरने से आसमां देवी (50) की मौत हो गई। सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगसेनपट्टी गांव में मकान गिरने से एक ही परिवार की सुधा देवी (38), जुही (5) और आरूषि (6) की मौत हो गई। वहीं सुरियावां नगर के नेहरू नगर में दीवार गिरने से समसुद्दीन (65) की जान चली गई।
गोपीगंज थाना क्षेत्र के कुलमनपुर गांव में पेड़ गिरने से सवारी देवी (80) की मौत हो गई। औराई थाना क्षेत्र के सायर गांव में नीम का पेड़ गिरने से शादी की चौथ छुड़ाने आई राजकुमारी (40) और लालती (50) की मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के चकरोधी गांव में पेड़ गिरने से बकरी चरा रही जानकी देवी (60) की जान चली गई। ऊंज थाना क्षेत्र के मीनापुर गांव में महुआ का पेड़ गिरने से कन्हैया (48) तथा मुंगरी गांव में बुलबुल (55) की मौत हो गई।
तूफान से जिले में पांच दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
आंधी और तूफान के कारण जिले में सैकड़ों पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया। वहीं अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित