भदोही , जून 12 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की भदोही तहसील के एक लेखपाल को ग्रामीण से घूस लेकर सरकारी जमीन कब्जा कराने के आरोप में शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी अरूण कुमार गिरी ने बताया कि भदोही तहसील के जमुनीपुर अगठवां में तैनात लेखपाल मोहम्मद इरफान के विरुद्ध एक ग्रामीण ने जिलाधिकारी से शिकायत कर गंभीर आरोप लगाया था। ग्रामीण का आरोप था कि लेखपाल ने सरकारी भूमि का पट्टा देने के एवज में उससे 23,000 रूपए की मांग की थी। लेखपाल के बहकावे में आकर ग्रामीण ने उसे 20,000 रूपए तत्काल दे दिया। इस बीच किसान को लेखपाल की बड़बोली बातों पर कुछ शंका हुई। जिससे वह शेष धनराशि लेखपाल को देने की बजाय वापस करने का दबाव बनाने लगा।
बताया जाता है कि पैसा वापस मांगने पर आग-बबूला हुआ लेखपाल किसान को शिकायत करने पर उसके परिवार को समाप्त कर देने की धमकी देने लगा। किसान ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से कर मामले की जांच की मांग की। कृषक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंप कर तत्काल रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। जांच के बाद शिकायत सही मिलने पर संबंधित लेखपाल को डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी भदोही ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित