भदोही , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के बेरासपुर गंगा घाट पर मंगलवार को स्नान करने के दौरान एक वृद्ध की डूबने से मौत हो गयी। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

पुलिस के अनुसार, वृद्ध गंगा घाट पर अपने कपड़े और जूते उतारकर स्नान करने नदी में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं निकलने पर घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों प्रेम सागर निषाद, राममिलन निषाद, गोरख निषाद, बच्चन निषाद तथा सुनील निषाद की मदद से नदी में तलाश शुरू करायी। गोताखोरों ने लंबे प्रयास के बाद वृद्ध का शव नदी से बाहर निकाल लिया।

पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित