भदोही , सितंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास राजमार्ग पर गुरुवार की शाम खड़े ट्रक में एक बाइक सवार जा घुसा। हादसे में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सूबेदार बिंद (50) निवासी मेदनीपुर के रूप में हुई।
बताया गया कि सूबेदार बिंद बुनाई का काम कर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कटका गोदाम के समीप राजमार्ग पर खड़े ट्रक में उनकी बाइक पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। मृतक के परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने राजमार्ग को जाम कर रखा है मौके पर कछवां तथा औराई थाना पुलिस मौजूद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित