भदोही , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को क्रिकेट खेलने के दौरान हुए मामूली विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। नो-बॉल को लेकर हुई कहासुनी के बाद कथित रूप से क्रिकेट बैट के प्रहार से किशोर की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना क्षेत्र के भानीपुर गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर बच्चों में विवाद हो गया। इस दौरान एक लड़के ने अपने ही साथी खिलाड़ी पर बैट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जाता है कि गांव के कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान नो-बॉल को लेकर आपस में विवाद हो गया। आरोप है कि चंद्रकांत गौतम (14) पुत्र रमेश गौतम ने अपने ही साथी खिलाड़ी आदित्य गौतम (12) पुत्र संजय गौतम के सिर पर क्रिकेट बैट से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से आदित्य मौके पर बेहोश हो गया। परिजन उसे सुरियावां स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत बिगड़ने पर उसे रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान भदोही के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित