भदोही , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोप में 13 वर्षीय किशोर को हिरासत में ले लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के गांव में 13 वर्षीय किशोर द्वारा एक 6 वर्षीय मासूम के साथ दुराचार की शिकायत प्राप्त हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि गुरुवार की रात करीब नौ बजे मासूम सीढ़ियों के पास खेल रही थी, तभी घमहापुर निवासी 13 साल का किशोर वहां पहुंचा और उसे जबरदस्ती सीढ़ियों के पीछे खींच ले गया। आरोपित ने बालिका के साथ दुराचार किया। उसकी चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। हरकत में आई पुलिस ने दुराचारी को हिरासत में लेकर पीड़िता को इलाज के लिए महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है।

शहर कोतवाल शैलेष कुमार राय ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़िता का इलाज चल रहा है, वह खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित