भदोही , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के किन्नर समुदाय के लोगों ने शनिवार को औराई में आयोजित थाना समाधान दिवस पर शिकायती पत्र देकर कुछ तथाकथित किन्नरों पर क्षेत्र के अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाया है।
लगभग एक दर्जन किन्नरों के साथ थाने पर पहुंची घोसिया निवासी रीना किन्नर "नायक" ने थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र सौंपकर स्पष्ट किया कि उसे व उसके समूह को बदनाम किया जा रहा है। कुछ तथाकथित युवक फर्जी किन्नरों के वेश में खुद को समूह का सदस्य बताकर ट्रेनों व सार्वजनिक स्थलों पर वसूली व अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में "नायक" ने बताया कि उनके साथ रहने वाले सभी किन्नर उनकी जानकारी और अनुमति के अनुसार ही कार्य करते हैं, तथा किसी भी प्रकार की अवैध, आपराधिक या समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल नहीं हैं। उसने कहा कि कुछ लोग पुरुष होते हुए भी किन्नर का वेश धारण कर विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। जिसपर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है।
किन्नरों ने यह भी आग्रह किया कि भविष्य में कोई फर्जी किन्नर किसी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी उन पर या उनके समूह पर न डाली जाए। साथ ही कोई व्यक्ति उनके नाम या पहचान का गलत इस्तेमाल कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। इस दौरान थाना दिवस पर मौजूद दिवसाधिकारी ने मामले की जांच कराकर कार्यवाही का भरोसा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित