भदोही , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के केदारपुर शुक्लान गांव में 11 हजार वोल्ट के लटकते विद्युत तार की चपेट में आने से इंटरमीडिएट के छात्र की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारपुर शुक्लान निवासी कृष्णकांत शुक्ला का पुत्र अर्पित शुक्ला इंटरमीडिएट का छात्र था। उसके घर पर रंगाई-पुताई का काम चल रहा था। काम पूरा होने के बाद वह लोहे की सीढ़ी वापस लौटाने जा रहा था। इसी दौरान गांव के पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस बीच, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गांव में नीचे लटक रहे विद्युत तार को ऊंचा कराने के लिए कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तार को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित