भदोही , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई विकासखंड में मंगलवार को 33 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी अवधेश यादव (40) के रूप में हुई है। वह सहसेपुर ग्राम सभा में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। हादसे में उसका साथी रंजीत यादव (45) गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो महथुआ ग्राम सभा में तैनात है।

बताया जाता है कि सावन मास को देखते हुए दोनों की ड्यूटी औराई चौराहे पर लगायी गयी थी, दोनों चौराहे से करीब 50 मीटर दूर आरके यादव के मकान की तीसरी मंजिल पर किराये पर रह रहे थे। दोनों मंगलवार को मकान की तीसरी मंजिल की छत साफ करने के लिए लोहे की सीढ़ी लेकर ऊपर जा रहे थे। छत के ऊपर से 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन गुजर रही थी। अवधेश सीढ़ी लेकर ऊपर चढ़ रहा था, जबकि रंजीत नीचे से उसे थामे हुए था। इसी दौरान सीढ़ी विद्युत तार के संपर्क में आ गयी। करंट लगने से अवधेश सीढ़ी से चिपक गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि रंजीत झुलसकर नीचे गिर गया।

आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रंजीत का उपचार सरकारी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित