भदोही , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को कंक्रीट मिक्सर वाहन की चपेट में आने से आठ वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर रोड स्थित उत्सव लॉन के सामने यह हादसा उस समय हुआ जब काली देवी, मिर्जापुर रोड निवासी विजय मोदनवाल का पुत्र दीवान मोदनवाल स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान गोपीगंज से मिर्जापुर की ओर जा रहे कंक्रीट मिक्सर वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक सर्वोदय शिशु निकेतन में कक्षा दो का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था।

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गये।

पुलिस ने कंक्रीट मिक्सर वाहन और उसके चालक को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित