भदोही , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में बुधवार शाम आए चक्रवाती तूफान और आंधी-पानी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि जिले में आए चक्रवाती तूफान के दौरान पेड़ गिरने, मकानों और दीवारों के ढहने से 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि तूफान के कारण आठ पशुओं की भी मौत हुई है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रभावित परिवारों के संपर्क में हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर लोग जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसी बीच ऊंज थाना क्षेत्र के बलीपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गांव निवासी झरिहग सिंह चौहान (62) बुधवार शाम खेत में टहलने गए थे। इसी दौरान आंधी-तूफान के बीच वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजन उन्हें उपचार के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद जिले में तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित