भदोही , अगस्त 03 -- वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नवीन अरोरा ने रविवार शाम भदोही पहुंच कर कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि एडीजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। साथ ही फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और क्रेन जैसी आपातकालीन सेवाओं को हर समय तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के बाद एडीजी ज्ञानपुर पुलिस लाइन पहुंचे, जहां पुलिस गार्ड ने उन्हें सलामी दी। उन्होंने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों और अपराध नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में एडीजी ने यात्रा मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सुचारु यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी एवं ड्रोन से निगरानी तथा सोशल मीडिया पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।

उनके साथ डीआईजी रेंज मीरजापुर पूनम व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित