वाराणसी , जुलाई 29 -- सद्गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित 'समरसता संकल्प सभा' में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ऐलान किया कि भदोही जिले का नाम जल्द ही बदलकर संत रविदास नगर किया जाएगा।

श्री मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही कर दिया था, लेकिन अब प्रदेश सरकार इसे पुनः संत रविदास नगर करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी सरकार करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करा रही है तथा गरीब परिवारों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की प्रेरणा से केंद्र सरकार गरीबों के आंसू पोंछने का काम कर रही है।

उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दलों को संतों की कभी याद नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भारतीय सनातन संस्कृति और संत परंपरा का सम्मान नहीं करते, बल्कि उनका अपमान करते हैं। पहले इस स्थान पर समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों का कब्जा था, जिसे हटाकर यहां संत रविदास जी की विशाल प्रतिमा स्थापित कराई गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संतों के सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित