शिवपुरी , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ, सांप्रदायिक और आपत्तिजनक पोस्ट लाइक या शेयर करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने लोक शांति बनाए रखने तथा आमजन के जान-माल की सुरक्षा के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक, भ्रामक और अपुष्ट जानकारी वाली पोस्ट डालने वालों के साथ उन्हें लाइक और शेयर करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया समूहों के एडमिन को भी जिम्मेदार मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही है। आदेश का उद्देश्य जिले में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना और भ्रामक या भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित