हैदराबाद , अगस्त 02 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने रविवार को अमेरिका में रहने वाले तेलुगु एनआरआई को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने निरंतर निवेश, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याणकारी विकास के जरिये 2047 तक तेलंगाना को तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की प्रतिबद्धता भी जतायी है।

अमेरिका यात्रा के दौरान विदेशों में रह रहे भारतीयों (आईओसी) के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री भट्टी ने कहा कि राज्य सरकार 'तेलंगाना राइजिंग 2047' दृष्टिकोण को लागू कर रही है। इसका उद्देश्य 2047 तक इसे तीन ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने से पहले अगले पांच वर्षों के भीतर तेलंगाना को एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। उन्होंने कहा कि मुचर्ला में प्रस्तावित 'भारत फ्यूचर सिटी', जिसे नेट-जीरो और प्रदूषण-मुक्त मानकों पर विकसित किया जा रहा है, हैदराबाद, सिकंदराबाद और साइबरबाद के बाद राज्य के चौथे प्रमुख शहरी केंद्र के रूप में उभरेगी।

.प्रवासी भारतीयों को तेलंगाना के विकास में भागीदार बनने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सामाजिक कल्याण के साथ आर्थिक विकास का संतुलन बनाते हुए खुद को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित कर रहा है। शिक्षा और कौशल विकास में सुधारों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने युवा भारत कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की है। सरकार टाटा समूह की साझेदारी में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को डिजिटल कौशल केंद्रों में आधुनिक बना रही है और हर विधानसभा क्षेत्र में एकीकृत आवासीय विद्यालय स्थापित कर रही है।

श्री भट्टी ने सरकारी विद्यालयों के 27 लाख छात्रों के लिए नाश्ता योजना और इंटरमीडिएट के छात्रों तक मध्याह्न भोजन योजना के विस्तार पर भी बात की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झीलों और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण को रोकने के लिए हाइड्रा प्रणाली शुरू की गयी है, जबकि मूसी रिवरफ्रंट परियोजना का उद्देश्य नदी को पुनर्जीवित करना और इसे पर्यटन एवं वाणिज्यिक गंतव्य में बदलना है।

पिछली बीआरएस सरकार की आलोचना करते हुए श्री भट्टी ने आरोप लगाया कि उसने एक दशक के लंबे शासन में राज्य को कर्ज के जाल में धकेल दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने वित्तीय अनुशासन बहाल किया है और यह सुनिश्चित किया कि सरकारी कर्मचारियों को हर महीने की पहली तारीख को वेतन मिले और कर्मचारियों के लिए 1.20 करोड़ रुपये का मुफ्त दुर्घटना बीमा शुरू किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित