जयपुर , अक्टूबर 04 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को प्रदेश के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित महापौर, उपमहापौर, सभापति, उपसभापति, अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से संवाद करेंगे।
इस दौरान श्री शर्मा निकाय के पहले 100 दिनों की कार्ययोजना के साथ ही नगरीय विकास, स्वच्छता, पानी, बिजली सहित अन्य जनसुविधाओं के विकास पर नवनिर्वाचित प्रमुखों एवं उपप्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित शहरों से ही विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा। राज्य सरकार शहरों को सुंदर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समग्र रोडमैप के साथ 100 दिवसीय कार्ययोजना के माध्यम से शहरी निकायों का कायाकल्प किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहरों में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, पार्कों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर राज्य सरकार और स्थानीय निकायों के समन्वित प्रयासों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप शहरों में विकास को नई गति देने का कार्य किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित