जयपुर , अप्रैल 12 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की एडहॉक कमेटी ने रविवार को यहां मुलाकात की।
कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव के नेतृत्व श्री शर्मा से मुलाकात कर उनका आभार जताया। इस दौरान डॉ यादव के अलावा कमेटी के सदस्य धनञ्जय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल, अरिष्ट सिंघवी मौजूद थे। इस दौरान कमेटी ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया की उन्होंने जो राजस्थान क्रिकेट संघ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी नवगठित आरसीए एडहॉक कमेटी को दी है उसे हम सभी अपने अथक प्रयासों से न केवल पूर्ण करेंगे साथ ही राज्य के युवा खिलाडियों के लिए सुद्रढ़, उच्च स्तरीय एवं विकसित खेल ढांचा तैयार करेंगे।
कमेटी ने खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से भी मुलाकात कर उनका भी आभार जताया और कमेटी द्वारा राज्य में क्रिकेट के विकास एवं आरसीए खेल गतिविधियों के सम्बन्ध में लिए जा रहे निर्णयों के सम्बन्ध में अवगत कराया।
डॉ यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान में क्रिकेट के विकास , युवा खिलाडियों को आवश्यक सुविधाओं सहित उच्च स्तरीय क्रिकेट गतिविधियों व प्रतियोगिताओं में अपना प्रदर्शन दिखाने , राज्य क्रिकेट संघ के सभी विवादों को दूर कर वापस पटरी पर लाने की जो जिम्मेदारी नवगठित आरसीए एडहॉक कमेटी को दी है उसे सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए आरसीए एडहॉक कमेटी अथक प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्यरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित