जयपुर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राज्य सरकार के काम की तुलना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से करते हुए कहा है कि राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने गत दो वर्ष में जितना काम किया हैं उतना काम कांग्रेस सरकार अपने पूरे पांच साल में नहीं कर पाई।

श्री नागर गुरुवार को यहां ऊर्जा विभाग की दो वर्ष की उपलब्धियों को लेकर मीडिया को बताने के दौरान एक सवाल के जवाब में कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रसारण तंत्र के सुदृढीकरण के लिए राज्य सरकार ने 400 केवी के 2220 केवी के पांच एवं 132 केवी के 41 सहित कुल 48 जीएसएस स्थापित किए हैं जबकि पूर्ववर्ती सरकार के पूरे पांच वर्ष में प्रसारण के क्षेत्र में मात्र 44 जीएसएस ही स्थापित हो पाए थे। उन्होंने कहा कि क्या यह दो वर्ष का काम कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के समय हुए काम से अधिक नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि उत्पादन, प्रसारण एवं वितरण, ऊर्जा क्षेत्र के इन सभी महत्वपूर्ण आयामों को मजबूती दी गई है। सौर ऊर्जा में भी राजस्थान देश में सिरमौर है। राज्य की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता 35,337 मेगावाट है। बीते दो वर्षों में सौर ऊर्जा क्षमता में 17,325 मेगावाट का इजाफा हुआ है।

श्री नागर ने कहा कि पीएम-कुसुम योजना में पूर्ववर्ती सरकार के समय 122 मेगावाट क्षमता के 92 सौर ऊर्जा संयंत्र ही स्थापित हुए जबकि गत दो वर्ष में ही इस योजना में 2345 मेगावाट क्षमता के 1048 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इससे सस्ती एवं सुलभ सौर ऊर्जा का कृषि क्षेत्र में उपयोग संभव हुआ है। कुसुम कम्पोनेन्ट-ए में राजस्थान देश में प्रथम तथा कम्पोनेन्ट-सी में तीसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि गत दो वर्षों में प्रदेश में उपयोग के लिए कुल उत्पादन क्षमता में 6839 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है जबकि पूर्ववर्ती सरकार के पूरे पांच वर्षों में राज्य में उपयोग के लिए मात्र तीन हजार 958 मेगावाट उत्पादन बढाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित